
सक्ती मे राम मंदिर के पास सत्संग में बुजुर्ग महिलाओं पर जानलेवा हमला: नशे में धुत युवक ने पैसे न देने पर डंडे से किया हमला; दो गंभीर, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सक्ती शहर में रविवार को राम मंदिर के पास सत्संग के दौरान बुजुर्ग महिलाओं पर हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। नशे में धुत्त एक युवक ने पैसे न देने पर दो बुजुर्ग महिलाओं पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक सत्संग स्थल पर पहुंचा और शराब पीने के लिए महिलाओं से पैसे मांगने लगा। इनकार करने पर उसने मौके पर पड़ा डंडा उठाकर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अफरा-तफरी मच गई। मोहल्लेवासियों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, हालात को नियंत्रित किया और आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

वही स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक पहले भी नशे की हालत में उत्पात मचाता रहा है, लेकिन इस तरह का गंभीर हमला पहली बार हुआ है। राम मंदिर जैसे धार्मिक स्थल के पास हुई घटना से लोगों में आक्रोश और भय व्याप्त है।