
शराबी शिक्षक पति से तंग आकर पत्नी ने की हत्या: धक्का देकर गिराया, खून बहने से मौत; बेड पर शव रखकर रची झूठी कहानी
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ठनगन गांव में शिक्षक अनिल भार्गव की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। यह मौत सामान्य नहीं बल्कि हत्या थी, और हत्या का आरोप मृतक की पत्नी सीमा भार्गव पर सिद्ध हुआ है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 19 दिसंबर की सुबह डभरा थाना को सूचना मिली कि ठनगन गांव स्थित एक मकान के कमरे में शिक्षक का शव बेड पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

जांच के दौरान फोरेंसिक टीम ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी सीमा भार्गव से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में पत्नी ने स्वीकार किया कि 18 दिसंबर की रात पति के शराब पीकर घर आने और गाली-गलौज से वह परेशान थी। इसी दौरान उसने गुस्से में पति को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह मुंह के बल नीचे गिर गया। गिरने से उसकी नाक और मुंह से अत्यधिक खून बहने लगा।
आरोपी पत्नी ने यह भी बताया कि घटना के बाद किसी को शक न हो, इस डर से उसने घायल पति को घर के बेड पर लिटाया और ऊपर से कंबल ढंक दिया। इसके बाद 19 दिसंबर की सुबह उसने पुलिस को बेड पर शव मिलने की सूचना दे दी। हालांकि फोरेंसिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने हत्या की पुष्टि होने के बाद आरोपी सीमा भार्गव के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विवेचना जारी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।