Advertisment
Sakti

सक्ती मे भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने ट्रक को मारी पीछे से टक्कर; कार सवार युवती व महिला गंभीर, बेहतर इलाज के लिए रेफर

सक्ती जिले में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार के ट्रक से पीछे से टकराने पर कार सवार एक युवती और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना सक्ती जिला के सक्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत रगजा गांव के पास की है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, कार रायगढ़ की ओर से आ रही थी। जैसे ही वाहन रगजा गांव के समीप पहुंचा, सामने चल रहे ट्रक ने सक्ती की ओर से आ रहे एक अन्य ट्रक को साइड देने के लिए किनारे किया। इसी दौरान तेज गति में आ रही कार के चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण वाहन नियंत्रित नहीं हो सका और ट्रक से जा टकराया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सक्ती पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर घटनास्थल का मुआयना किया।

घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सक्ती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। फिलहाल घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button