Raipur

नवा रायपुर बनेगा राष्ट्रीय हेल्थकेयर कैपिटल: 200 एकड़ में तैयार हो रही 5000 बेड की मेडिसिटी, आठ राज्यों को मिलेगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा

नवा रायपुर में विकसित की जा रही ‘मेडिसिटी’ परियोजना मध्य भारत में स्वास्थ्य क्रांति का नया अध्याय लिखने जा रही है। 200 एकड़ में फैल रहा यह विशाल मेडिकल हब करीब 5000 बेड की क्षमता के साथ देश का प्रमुख हेल्थकेयर केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

आठ राज्यों के मरीजों को मिलेगा लाभ

इस परियोजना की भौगोलिक स्थिति इसे छत्तीसगढ़ के साथ-साथ ओडिशा, मध्यप्रदेश, झारखंड, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के मरीजों के लिए भी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का केंद्र बनाएगी। बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर इसे राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट विकल्प के रूप में स्थापित कर रहे हैं।

सिर्फ स्वास्थ्य नहीं, रोजगार का बड़ा केंद्र बनेगा नवा रायपुर

मेडिसिटी में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ फार्मा, वेलनेस, मेडिकल एजुकेशन तथा सपोर्ट सर्विसेज से जुड़े हजारों रोजगार पैदा होंगे। आसपास किफायती आवास, व्यापारिक अवसर और सामाजिक सुविधाएं भी तेजी से विकसित होंगी, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

पहले से मौजूद अस्पताल दे रहे मजबूत आधार

नवा रायपुर में स्थित श्रीसत्य साई संजीवनी अस्पताल और बालको कैंसर हॉस्पिटल बाल हृदय और कैंसर उपचार में राष्ट्रीय पहचान बना चुके हैं। ये संस्थान मेडिसिटी को पहले से उपलब्ध मजबूत चिकित्सा आधार प्रदान करते हैं।

उत्कृष्ट कनेक्टिविटी से बढ़ेगा मेडिकल टूरिज्म

नवा रायपुर एयरपोर्ट और रेलवे कनेक्टिविटी इसे मेडिकल टूरिज्म का उभरता हुआ हब बना रही है। हर साल 7 करोड़ से अधिक यात्री इस रूट का उपयोग करते हैं। अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने से विदेशी मरीजों की संख्या में भी तेजी आने की उम्मीद है।

राज्य का भविष्य बदलने वाली परियोजना: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नवा रायपुर मेडिसिटी आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र को आधुनिक, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगी। यह आने वाले दशकों में छत्तीसगढ़ की आर्थिक, स्वास्थ्य और सामाजिक प्रगति का नया इंजन बनेगी।

नवा रायपुर मेडिसिटी के विकसित होने से प्रदेश न केवल चिकित्सा सुविधाओं में आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि राष्ट्रीय हेल्थकेयर कैपिटल के रूप में नई पहचान भी हासिल करेगा।

Related Articles

Back to top button