SaktiNational News

सक्ती मे 27 अप्रैल को “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत निकलेगी संकीर्तन रैली: राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत शीर्ष नेतृत्व के नाम सौंपा जाएगा आवेदन, जिले के सभी तहसीलों में प्रशासन को दी गई पूर्व सूचना

सक्ती जिले में “गौ सम्मान आह्वान अभियान” के तहत 27 अप्रैल 2026 को व्यापक स्तर पर संकीर्तन रैली निकालकर केंद्र और राज्य सरकार के नाम आवेदन पत्र सौंपा जाएगा। इस संबंध में सक्ती जिले के सभी तहसीलों में तहसीलदार एवं पुलिस प्रशासन को पूर्व सूचना और आवेदन प्रस्तुत कर दिया गया है।

आयोजकों के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से देशी गौवंश को सुरक्षा, सम्मान, संरक्षण और संवैधानिक दर्जा दिलाने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा जाएगा। कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे से दोपहर तक संकीर्तन करते हुए रैली तहसील कार्यालय पहुंचेगी, जहां प्रशासन के माध्यम से आवेदन पत्र प्रेषित किया जाएगा।

बताया गया है कि यह रैली पूर्णतः शांतिपूर्ण, अनुशासित और भक्तिमय स्वरूप में आयोजित होगी, जिसमें संत समाज, गौ भक्त एवं जागरूक नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। अनुमान है कि प्रत्येक तहसील में सैकड़ों की संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ेंगे।

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए केवल 5 से 11 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल ही तहसील कार्यालय में जाकर आवेदन सौंपेगा। साथ ही यह भी आश्वस्त किया गया है कि रैली के दौरान यातायात या कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी और प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।

इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिलेभर के गौ भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। वहीं, प्रशासन से भी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

Related Articles

Back to top button