Advertisment
Sakti

वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर विस्फोट, 30-40 मजदूर गंभीर रूप से घायल: दोपहर 2 बजे हुआ हादसा, कई के हताहत होने की आशंका, घटना के बाद प्लांट परिसर में मची अफरा-तफरी, राहत-बचाव जारी

सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट (Vedanta Power Plant) में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब प्लांट के भीतर बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि कुछ लोगों की मौत की आशंका भी जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ, जब प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। अचानक हुए विस्फोट से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।

घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी की मौतों की पुष्टि नहीं की गई है।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस टीम मौके पर पहुंच रही है। साथ ही फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम भी मौके पर पहुंच रही है। हादसे के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

डभरा थाना के एएसआई हरनारायण तमराकर ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंच कर मामले की जांच कर रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button