
सक्ती में विश्व एड्स दिवस पर विशेष कार्यक्रम: जागरूकता रैली और कार्यशाला का आयोजन, विशेषज्ञों ने एचआईवी रोकथाम पर दिए महत्वपूर्ण सुझाव
सक्ती जिले मे विश्व एड्स दिवस 2025 के अवसर पर जिला चिकित्सालय परिसर स्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय में सोमवार को एचआईवी/एड्स रोकथाम, उपचार और जागरूकता पर आधारित विशेष कार्यशाला एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एड्स से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, सुरक्षित व्यवहार को बढ़ावा देना और समाज को एचआईवी संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता CMHO डॉ. पूजा अग्रवाल ने की। इस मौके पर डॉ. समीर अग्रवाल, डॉ. बिस्वरंजन, डॉ. नीलोत्पल, डॉ. अमन सिंह, अधीक्षक डॉ. बालाराम ठाकुर, रेखा बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि समय पर जांच, सुरक्षित व्यवहार और उपचार ही एचआईवी/एड्स से बचाव के सबसे कारगर उपाय हैं। उन्होंने समाज में भेदभाव खत्म करने और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने की अपील की। कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा एचआईवी संक्रमण के कारण, रोकथाम के उपाय, उपलब्ध उपचार और प्रचलित मिथकों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बच्चों ने रैली के माध्यम से दिया जागरूकता संदेश
दोपहर 2:30 बजे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने नगर में जागरूकता रैली निकाली। रैली मुख्य मार्गों से गुजरते हुए प्रमुख चौराहों तक पहुंची, जहां बच्चों ने पोस्टर, बैनर और स्लोगन के माध्यम से एड्स रोकथाम का संदेश दिया। रैली का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए प्रेरक पोस्टर और नारों का प्रदर्शन रहा, जिनमें सुरक्षित व्यवहार अपनाने और समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की अपील की गई थी।
CMHO ने दिए दिशा-निर्देश
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. पूजा अग्रवाल ने कहा कि एड्स को लेकर समाज में फैली गलत धारणाओं और भय को दूर करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यालयों, युवाओं और समुदाय स्तर पर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम आम नागरिकों तक एचआईवी/एड्स की सही जानकारी पहुंचाने और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया, जिससे लोग सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार अपनाते हुए संक्रमण से स्वयं और दूसरों को सुरक्षित रख सकें।