
फोटो एडिट कर बदनाम करने वाला आरोपी गिरफ्तार: इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी पहचान, रिश्तेदारों को वायरल किए आपत्तिजनक फोटो, पुलिस ने फरार आरोपी को पकड़कर भेजा जेल
सक्ती जिले मे सोशल मीडिया के माध्यम से युवती की फोटो एडिट कर उसे बदनाम करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 238 तथा आईटी एक्ट की धारा 67(A) के तहत कार्रवाई की गई है। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी विनीत सिंह (23 वर्ष), पिता करण सिंह, निवासी ग्राम हरेई टोली थाना बरही जिला कटनी (मध्यप्रदेश) हाल मुकाम बिलासपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है। पीड़िता ने 7 अप्रैल 2026 को थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसकी आरोपी से इंस्टाग्राम के माध्यम से पहचान हुई थी। आरोपी ने बातचीत के लिए उसे मोबाइल फोन दिया था। बाद में 11 मार्च 2026 को आरोपी ने अपना दिया हुआ मोबाइल और पीड़िता का मोबाइल वापस ले लिया। आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता के मोबाइल में मौजूद दोनों के संयुक्त फोटो को एडिट कर बदनाम करने की नियत से उसके रिश्तेदारों को व्हाट्सएप के माध्यम से वायरल कर दिया।

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। मामला महिला संबंधी एवं गंभीर प्रकृति का होने के कारण पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के निर्देश पर आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मालखरौदा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत के मार्गदर्शन में प्रधान आरक्षक गोपाल सिदार, दामोदर जायसवाल तथा आरक्षक नन्हूराम उरांव, सेतराम पटेल और शत्रुघ्न जांगड़े की टीम द्वारा की गई।