
अड़भार में चलती बस रोककर कंडक्टर से मारपीट: दो भाईयों ने 10 हजार रुपए लूटे, शीशा तोड़ा, कार्यवाही की मांग
सक्ती जिले में रविवार सुबह एक सनसनीखेज आपराधिक घटना सामने आई है, जिसने बस संचालकों और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सक्ती से रायगढ़ जा रही सद्भावना ट्रैवल्स की यात्री बस को जबरन रोककर कंडक्टर के साथ मारपीट, लूटपाट और तोड़-फोड़ की गई। मामला अड़भार चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 02 फरवरी 2026 को सुबह करीब 7:45 बजे बस क्रमांक CG12 BD 9945 अड़भार बिजली कार्यालय के पास पहुंची थी। इसी दौरान अड़भार निवासी दुर्गेश उरांव और नरेश उरांव ने बस को जबरन रुकवाया। आरोप है कि दोनों ने कंडक्टर से गाली-गलौच करते हुए अवैध रूप से पैसे की मांग की। विरोध करने पर कंडक्टर के साथ मारपीट की गई और टिकट बुक सहित लगभग 10,000 रुपए नकद लूट लिए गए।
घटना के दौरान जब बस चालक, हेल्पर और यात्रियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी अपशब्द कहे और धमकी दी कि इस रोड पर तेरा मालिक बस कैसे चलाएगा। इसके बाद आरोपियों ने पत्थर मारकर बस का मुख्य शीशा तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के समय बस में मौजूद यात्रियों और आसपास के लोगों ने पूरी वारदात देखी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद बस स्टाफ और यात्रियों में भय का माहौल है।
सद्भावना ट्रैवल्स के संचालक परमेश्वर राठौर ने मामले की लिखित शिकायत अड़भार चौकी में दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ बस रोककर मारपीट, लूटपाट, गाली-गलौच, धमकी और तोड़-फोड़ की धाराओं में अपराध दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।