
धान खरीदी केंद्र पोता में खरीदी संपन्न: 615 किसानों से लगभग 49 हजार क्विंटल धान का उपार्जन, पारदर्शी व्यवस्था से किसानों में संतोष, प्रभारी की सराहना
सक्ती जिले के धान खरीदी केंद्र पोता में सत्र 2025-26 के तहत धान खरीदी का कार्य पूरी तरह सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस दौरान केंद्र के माध्यम से कुल 615 किसानों से 48,988.40 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया, जिससे किसानों को समयबद्ध और सुचारू सुविधा मिली।
जानकारी के अनुसार, इस सत्र में 31,412.80 क्विंटल सरना धान तथा 17,575.60 क्विंटल मोटा धान की खरीदी की गई। खरीदी प्रक्रिया के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेने मौके पर पहुंचकर किसानों से चर्चा की गई, जहां उन्होंने इस वर्ष की धान खरीदी को पारदर्शी, व्यवस्थित और बिना किसी बाधा के संपन्न होने की बात कही।

किसानों ने एक स्वर में बताया कि खरीदी प्रभारी अनिल गभेल की कुशल कार्यप्रणाली के कारण उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। समय पर तौल, भुगतान प्रक्रिया और अनुशासित व्यवस्था से किसान पूरी तरह संतुष्ट नजर आए। किसानों ने खरीदी केंद्र पोता में अनिल गभेल की प्रभारी के रूप में नियुक्ति पर आभार और संतोष भी व्यक्त किया।

वहीं खरीदी प्रभारी अनिल गभेल ने ग्राम पोता एवं ग्राम मोहतरा के सभी किसानों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि किसानों के सहयोग और समन्वय से ही धान खरीदी का कार्य समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूरा हो सका।