
वेदांता पावर प्लांट हादसा, 20 मजदूरों की मौत, 15 घायल: वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल सहित 8 लोगों पर FIR दर्ज, जांच जारी, टेक्निकल रिपोर्ट के बाद बढ़ सकती हैं धाराएं
सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है, जबकि 15 मजदूर घायल हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है। इस मामले में पुलिस ने प्लांट प्रबंधन सहित अन्य लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है।
सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे में आपराधिक लापरवाही के संकेत मिले हैं। इसके आधार पर डभरा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106, 289 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी मजदूरों का पंचनामा और पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

एसपी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अभी औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) तथा तकनीकी विशेषज्ञों की रिपोर्ट आना बाकी है। इन रिपोर्टों के आधार पर यदि अन्य धाराएं जोड़ने की आवश्यकता होगी, तो उसे भी शामिल किया जाएगा।
इस मामले में वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल सहित 8 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। जांच के दौरान यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले मे 8-9 अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की आशंका जताई जा रही है।