SaktiNational News

ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, मुजफ्फरनगर में पटरी किनारे मिला शव: जम्मू-कश्मीर मजदूरी करने जा रहा था हसौद का युवक, ट्रेन में झगड़े की कही थी बात, परिजनों ने जताई धक्का देकर हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच की मांग

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम हसौद निवासी एक युवक का शव उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में रेलवे पटरी के किनारे संदिग्ध हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सीताराम साहू पिता अमृतलाल साहू के रूप में हुई है, जो मजदूरी करने के लिए जम्मू-कश्मीर जा रहा था। युवक चांपा से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में सवार होकर अमृतसर की ओर जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, 12 मार्च की सुबह मुजफ्फरनगर में रेलवे पटरी के किनारे एक युवक का शव मिला। पुलिस ने शव की पहचान बाद में सीताराम साहू के रूप में की। शव के सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। इस स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक के साथ पहले मारपीट की गई और बाद में उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया गया, जिससे गिरकर उसकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार घटना से पहले बुधवार रात करीब 10 बजे सीताराम ने अपनी मां लक्ष्मीन बाई को फोन कर बताया था कि ट्रेन में कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हो गया है और झगड़े की स्थिति बन रही है। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो सका। परिवार के लोग पूरी रात उसे फोन करते रहे, लेकिन उसका मोबाइल बंद आता रहा।

गुरुवार सुबह करीब 8 बजे जब सीताराम का मोबाइल चालू हुआ तो उसकी मां ने फोन कर उससे बात करने की कोशिश की। इस दौरान फोन मुजफ्फरनगर पुलिस ने उठाया और बेटे की मौत की सूचना दी। यह खबर सुनते ही मां सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

बताया जाता है कि सीताराम के माता-पिता जम्मू-कश्मीर में मजदूरी कर अपना जीवन-यापन करते हैं और वह भी उन्हीं के पास काम करने के लिए जा रहा था। सीताराम तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा और माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और रिश्तेदार मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए हैं। उधर स्थानीय पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने पहले सीताराम के साथ मारपीट की और फिर उसे ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button