
सक्ती कलेक्टर कार्यालय में संविधान दिवस कार्यक्रम: अधिकारियों–कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन; न्याय, स्वतंत्रता और समानता के मूल्यों के प्रति लिया संकल्प
सक्ती जिले मे संविधान दिवस के अवसर पर आज कलेक्टर कार्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित छात्र-छात्राओं को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया।
कलेक्टर ने प्रस्तावना में निहित मूल्यों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता का महत्व समझाते हुए कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मजबूत आधार है, जो नागरिकों को उनके अधिकार और कर्तव्य दोनों का बोध कराता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनों ने “हम भारत के लोग” से प्रारंभ होने वाली प्रस्तावना का संयुक्त रूप से वाचन किया और संविधान में वर्णित उद्देश्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर के.एस पैंकरा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी कावेरी मरकाम, कलेक्टोरेट के अधिकारी-कर्मचारी, महाविद्यालय के शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन संविधान के प्रति निष्ठा और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के संदेश के साथ किया गया।