Raipur

छत्तीसगढ़ में नए साल से पूरी तरह ई-ऑफिस वर्किंग लागू: फिजिकल फाइल और नोटशीट सिस्टम समाप्त, प्रशासनिक कामकाज होगा अधिक पारदर्शी

छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी, सरल और उत्तरदायी बनाने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। राज्य सरकार ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए घोषणा की है कि 31 दिसंबर 2025 के बाद प्रदेश में फिजिकल फाइल और नोटशीट प्रणाली पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी।

1 जनवरी 2026 से मंत्रालय, विभागाध्यक्षों के कार्यालय, संभागायुक्त कार्यालय और कलेक्टर कार्यालयों सहित सभी शासकीय कार्यालयों में समस्त कार्य ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही किए जाएंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने इस संबंध में सभी विभागाध्यक्षों, कमिश्नरों और कलेक्टरों को आदेश जारी कर सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में फिजिकल फाइलों का संचालन नहीं किया जाएगा।

पहले से लागू, अब अनिवार्य

मंत्रालय स्तर पर ई-ऑफिस प्रणाली पहले से लागू है, लेकिन कई विभाग अब भी आंशिक रूप से फिजिकल फाइलों पर निर्भर थे। नए आदेश के बाद फिजिकल फाइल चलाने की अनुमति पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।

दस्तावेज होंगे डिजिटल

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि सभी दस्तावेज यथासंभव डिजिटल रूप में ही तैयार किए जाएं। प्रिंट निकालकर स्कैन करने की प्रक्रिया को हतोत्साहित किया जाएगा, ताकि डिजिटल वर्कफ्लो को प्रभावी बनाया जा सके।

डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगी गति

इस निर्णय से फाइल मूवमेंट, निर्णय प्रक्रिया और निगरानी व्यवस्था में तेजी आएगी। साथ ही प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित होगी।

GAD के आदेश में प्रमुख बिंदु

  • 1 जनवरी 2026 से सभी कार्यालयों में नस्ती और डाक का संपूर्ण कार्य केवल ई-ऑफिस के माध्यम से होगा।
  • विभाग प्रमुख की अनुमति के बिना किसी भी फिजिकल फाइल का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
  • शासन स्तर पर भेजे जाने वाले सभी प्रकरण केवल ई-ऑफिस फाइल के माध्यम से ही भेजे जाएंगे।
  • सूचनात्मक पत्राचार भी ई-ऑफिस रिसिप्ट के जरिए किया जाएगा।
  • अधिकारी शासकीय प्रवास के दौरान भी ई-ऑफिस से कार्य निपटा सकेंगे।
  • अवकाश के दिनों में भी आवश्यकता अनुसार ई-ऑफिस के माध्यम से काम किया जा सकेगा।

सरकार के इस फैसले को डिजिटल प्रशासन की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल कार्यसंस्कृति में बदलाव आएगा, बल्कि जनता को भी तेज और पारदर्शी सेवाओं का लाभ मिलेगा।

Related Articles

Back to top button