
सक्ती मे स्कूल जा रही छात्रा से छेड़छाड़: आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
सक्ती जिले मे स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान साहिल कुर्रे के रूप में हुई है। आरोप है कि आरोपी ने छात्रा को स्कूल जाते समय रास्ते में रोककर अश्लील हरकतें कीं और उसे डराने-धमकाने की कोशिश भी की। पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन सीधे थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में टीम गठित की। कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी साहिल कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग आरोपी ने घटना के समय किया था। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 74, 78(2) के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।