
छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर तैनात CRPF जवान ने की आत्महत्या: ड्यूटी के दौरान AK-47 से खुद को मारी गोली, जांच जारी
छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। सीमा से लगे ढेंकुनपानी कैंप में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शुक्रवार देर शाम (12 दिसंबर) की बताई जा रही है।
मृतक जवान की पहचान गोपीनाथ सबर के रूप में हुई है, जो ओडिशा के नुआपड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खरधरा गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, जवान ड्यूटी पर तैनात था, इसी दौरान उसने अपनी AK-47 राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना कोमना थाना क्षेत्र में स्थित कैंप की है।
आत्महत्या के कारणों का पता नहीं
घटना की सूचना मिलते ही कोमना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जवान के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। वहीं, CRPF के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी आंतरिक जांच प्रारंभ कर दी है।
फिलहाल, जवान द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
परिजनों को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मृतक जवान के परिजनों को दे दी गई है। इस घटना से कैंप और बल के जवानों में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

