Advertisment
Sakti

सक्ती में भूपेश बघेल का पुतला दहन: कांग्रेस पर आस्था विरोध का आरोप, अग्रसेन चौक पर नारेबाजी, सनातन के समर्थन में भाजयुमो का जोरदार प्रदर्शन

सक्ती जिले मे भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरीहा के आह्वान पर पूरे प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का पुतला दहन किया गया। इसी क्रम में सक्ती नगर के अग्रसेन चौक में जिला भाजयुमो द्वारा जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया गया। भाजयुमो नेताओं ने कांग्रेस पार्टी पर सनातन धर्म और साधु-संतों के अपमान का गंभीर आरोप लगाया।

जिला भाजयुमो अध्यक्ष आलोक पटेल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई कांग्रेसी नेता लगातार सनातन धर्म का विरोध करते आए हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा और पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विरोध को कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति बताया। आलोक पटेल ने कहा कि रामसेतु और भगवान श्रीराम को काल्पनिक बताने जैसे बयान कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाते हैं, जो भारतीय आस्था और परंपरा पर सीधा प्रहार है।

भाजयुमो नेताओं ने कहा कि सनातन संस्कृति भारत की आत्मा है और उसके सम्मान की रक्षा के लिए भाजयुमो और भाजपा का हर कार्यकर्ता संघर्ष करता रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और स्पष्ट संदेश दिया गया कि साधु-संतों और सनातन पर किसी भी प्रकार का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस मौके पर टिकेश्वर गबेल, भाजयुमो प्रदेश मंत्री लोकेश साहू, जिला महामंत्री विराट द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button