Advertisment
Korba

कोरबा में भीषण अग्निकांड, SS प्लाजा में लगी आग: कई दुकानें चपेट में, 5 दमकल वाहन मौके पर, राहत-बचाव कार्य जारी

कोरबा शहर के व्यस्त इलाके में स्थित SS प्लाजा में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे प्लाजा में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में पद्मिनी ज्वैलर्स, बालाजी स्टील सहित कई अन्य दुकानें आ गई हैं। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते लपटें अन्य दुकानों तक फैलने लगीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।

आग लगने के बाद प्लाजा परिसर और आसपास के इलाकों में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई दुकानदार अपनी दुकानों से सामान बाहर निकालते नजर आए, वहीं सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन प्राथमिक तौर पर शॉर्ट-सर्किट की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि आर्थिक नुकसान काफी अधिक होने की संभावना बताई जा रही है। आग पर काबू पाने और स्थिति सामान्य करने का काम लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button