
पुलिस कस्टडी से जब्त मेटाडोर चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल: ट्रैफिक थाना के सामने खड़ा वाहन रात में हुआ गायब, CCTV खंगाल रही पुलिस, अज्ञात चोरों की तलाश जारी
राजधानी रायपुर में पुलिस कस्टडी में रखे गए जब्त वाहन की चोरी का मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रैफिक थाना फाफाडीह के सामने खड़ा एक मेटाडोर अज्ञात चोरों द्वारा पार कर दिया गया, जबकि वाहन पुलिस निगरानी में था।
जानकारी के अनुसार, मेटाडोर क्रमांक CG 12 BH 3683 को 7 अप्रैल को प्रतिबंधित मार्ग में प्रवेश करने के कारण यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 115/194 के तहत जब्त किया था। कार्रवाई के बाद वाहन को फाफाडीह थाना परिसर के सामने खड़ा कराया गया था। चालक को आवश्यक दस्तावेजों के साथ 8 अप्रैल को सुबह 11 बजे उपस्थित होने के निर्देश भी दिए गए थे।
दो दिनों की तलाश के बाद FIR दर्ज
बताया जा रहा है कि वाहन दो दिनों तक वहीं खड़ा रहा, लेकिन 9 और 10 अप्रैल की दरमियानी रात अज्ञात चोर उसे मौके से लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक स्तर पर पुलिसकर्मियों ने वाहन की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर मामले की लिखित शिकायत गंज थाने में दर्ज कराई गई।

इस संबंध में यातायात थाना फाफाडीह में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) केशरी कुमार साहू ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। संदिग्धों की पहचान और वाहन की बरामदगी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि आमतौर पर जब्त वाहन थाने की निगरानी में सुरक्षित माने जाते हैं, लेकिन इस तरह की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी सफलता हासिल करती है।
