Sakti

सक्ती में “सही दवा, शुद्ध आहार” अभियान शुरू, 15 दिन चलेगी सघन जांच: मेडिकल स्टोर्स व खाद्य प्रतिष्ठानों पर संयुक्त टीम की कार्रवाई, चौपाटियों में निरीक्षण, विक्रेताओं को स्वच्छता व सुरक्षा मानकों के कड़े निर्देश

सक्ती जिले मे छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश तथा कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में “सही दवा, शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम पर 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक संचालित होगा, जिसके तहत जिले भर में मेडिकल स्टोर्स और खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच की जा रही है, ताकि आम नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण दवा और सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

अभियान के संचालन के लिए अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी बीरेंद्र लकड़ा के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम द्वारा लगातार निरीक्षण के साथ-साथ जन-जागरूकता गतिविधियां भी चलाई जा रही हैं, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में खाद्य सुरक्षा व दवा गुणवत्ता को लेकर जागरूकता बढ़े।

इसी कड़ी में सक्ती नगर के चौपाटी और ठेला-टफरी क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान चाट, गुपचुप, बिरयानी, आइसक्रीम, फालूदा और समोसा विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि खाद्य सामग्री को अखबार में परोसने से बचें, परोसते समय ग्लव्स और हेड कैप का उपयोग करें, खाद्य पदार्थों को ढककर रखें और तेल का बार-बार उपयोग न करें।

प्रशासन द्वारा पूर्व में भी खाद्य नमूनों की जांच की कार्रवाई की जा चुकी है। 17 अप्रैल 2026 को पापा ढाबा हरेठी से पनीर और पकी अरहर दाल के नमूने लिए गए थे, जबकि 23 अप्रैल 2026 को अशोक सुपर बाजार सक्ती से बेसन, दलिया और नमक के सैंपल संग्रहित किए गए। इन सभी नमूनों की जांच प्रक्रिया जारी है।

इस अभियान में अभिहित अधिकारी एहसान तिग्गा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य और निखिलेश साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और जिले में खाद्य एवं औषधि की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button