Bijapur

बीजापुर में सूखे नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, मास्टरमाइंड गिरफ्तार: कारवॉश सेंटर की आड़ में चल रहा था अवैध कारोबार, एक महीने में 10 से ज्यादा कार्रवाई, तेलंगाना कनेक्शन की जांच तेज, सप्लाई चेन के पूरे नेटवर्क पर पुलिस की नजर

बीजापुर जिले में सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब एक महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी आकाश ठाकुर को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध रूप से सूखे नशे का कारोबार संचालित कर रहा था और इसके लिए कारवॉश सेंटर को आड़ के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, पूर्व में की गई कार्रवाई के दौरान उक्त कारवॉश सेंटर से गोली, कैप्सूल और थिनर जैसी नशीली सामग्री बरामद की गई थी। इस मामले में आरोपी का सहयोगी धर्मेन्द्र कुमार पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी आकाश ठाकुर फरार था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी, जिसे मुखबिर की सूचना के आधार पर जिला दंतेवाड़ा से गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मेडिकल दवाओं की अवैध तस्करी का एक बड़ा नेटवर्क तेलंगाना के वेंकटपुरम क्षेत्र से संचालित हो रहा है। सूत्रों के अनुसार, वहां के कुछ फार्मेसी और मेडिकल स्टोर इस नेटवर्क के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं, जहां से छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के सीमावर्ती जिलों में नशीली दवाओं की सप्लाई की जा रही है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है और वेंकटपुरम कनेक्शन की गहन जांच की जा रही है। मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।

कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में सूखे नशे के खिलाफ 10 से अधिक प्रभावी कार्रवाइयाँ की गई हैं और कई लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button