
बीजापुर में CBI की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते 4 पोस्ट ऑफिस कर्मी गिरफ्तार, होटल ताज में रंगे हाथों पकड़े गए
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में बुधवार शाम केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पोस्ट ऑफिस के चार कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। CBI की टीम ने शहर के होटल ताज में छापा मारकर करीब 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपियों को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, CBI ने रात करीब साढ़े 8 बजे यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों में पोस्ट ऑफिस के सब-डिवीजन इंस्पेक्टर (SDI) शास्त्री कुमार पैंकरा के साथ मलोत शोभन, अम्बेडकर सिंह और संतोष एंड्रिक शामिल हैं। सभी आरोपी डाक विभाग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

गिरफ्तारी के बाद CBI ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एजेंसी रिश्वत की मांग, लेन-देन की प्रक्रिया और इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

फिलहाल CBI की ओर से कोई आधिकारिक प्रेस बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इस कार्रवाई के बाद बीजापुर शहर में चर्चा और हलचल का माहौल बना हुआ है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
