Kondagaon

कोंडागांव दोहरा हत्याकांड: पत्नी और 3 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या, नदी-तालाब में फेंके गए शव; पति समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में सामने आए दिल दहला देने वाले दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी पति रोहित सेठिया सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि अवैध प्रेम संबंध, पारिवारिक दबाव और अदालत द्वारा तय भरण-पोषण राशि से बचने के लिए सुनियोजित साजिश रची गई थी। मृतकों की पहचान भागवती सेठिया और उसके 3 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है, जो पहले लापता बताए जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, यह पूरा मामला फरसगांव थाना क्षेत्र का है। जांच में पता चला कि रोहित सेठिया ने अपने परिजनों और कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पहले महिला की गला घोंटकर हत्या की गई, फिर उसके मासूम बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया गया। सबूत मिटाने के इरादे से शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंका गया।

भागवती सेठिया ग्राम सिरपुर की निवासी थी। उसकी शादी वर्ष 2020 में रोहित सेठिया से हुई थी और दंपती का एक 3 साल का बेटा था। शादी के बाद से ही महिला को ससुराल में प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। मारपीट के आरोपों को लेकर सामाजिक बैठक भी हुई थी, जिसके बाद पति-पत्नी अलग रहने लगे थे।

इसी दौरान भागवती और उसका बच्चा मायके से अचानक लापता हो गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस बीच रोहित का बसंती सेठिया नाम की युवती से प्रेम संबंध बन गया था। तलाक के विवाद और कोर्ट द्वारा तय 5000 रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण की रकम से बचने के लिए आरोपी ने यह खौफनाक योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को रोहित ने पत्नी को विशाखापट्टनम घुमाने का बहाना बनाकर साथ ले गया। रास्ते में ओडिशा के जयपुर रोड के पास सुनसान इलाके में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पहचान छिपाने के लिए शव को पत्थरों से बांधकर इंद्रावती नदी में फेंक दिया गया।

इसके बाद आरोपी मासूम बच्चे को ओडिशा के सिंगारसाड़ी क्षेत्र के जंगल में स्थित एक तालाब के पास ले गए, जहां उसकी भी गला घोंटकर हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया गया।

परिजनों ने बताया कि भागवती 20 नवंबर से बच्चे के साथ लापता थी, जिसकी जानकारी 3 दिसंबर को मिली। 6 दिसंबर को फरसगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और टावर लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी रोहित सेठिया के साथ उसकी गर्लफ्रेंड बसंती सेठिया, माता उर्मिला सेठिया, पिता रमेशचंद्र सेठिया और तीन अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है। कुल सात गिरफ्तारियों के साथ पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button