
Kondagaon News: नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, आम खिलाने के बहाने जंगल ले जाकर वारदात, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
कोंडागांव जिले मे नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आम खिलाने के बहाने जंगल मे ले जाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को वारदात के कुछ ही दिनों के भीतर पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को प्रार्थिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को सरगीपाल आलोर निवासी बिरू उर्फ बिरेन्द्र कुमार नेताम (28 वर्ष) आम खिलाने के बहाने मोटरसाइकिल पर जबरन बैठाकर सरगीपाल जंगल स्थित नीलगिरी प्लांटेशन क्षेत्र में ले गया। वहां आरोपी ने पीड़िता को जमीन पर गिराकर उसके साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।
घटना के दौरान पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों के आने की आहट पाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता की मां ने थाना फरसगांव में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 74 बीएनएस एवं 8 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद 30 अप्रैल 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई हेतु भेजा गया।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक शशिभूषण पटेल, सहायक उप निरीक्षक सुमित्रा सेठिया, महिला आरक्षक भानुप्रिया नेताम, आरक्षक कृष्ण कुमार सोनावानी एवं अर्जुन बघेल की अहम भूमिका रही।
