
सक्ती मे फिंगर स्कैन कर PM आवास की राशि हड़पी: 55 हजार की ठगी का आरोप, आधार और बायोमेट्रिक से किया फर्जी ट्रांजेक्शन, पीड़िता ने जैजैपुर थाने में की शिकायत
सक्ती जिले के जैजैपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत नंदेली में प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शातिर ठग गिरोह ने फिंगर स्कैन और फेस कैप्चर के जरिए पीड़िता के खाते से करीब 55 हजार रुपये निकाल लिए। मामले में पीड़िता ने जैजैपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामला जैजैपुर थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता लकेश्वरी रावत (यादव), निवासी ग्राम नंदेली ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत हुई थी, जिसकी पहली किस्त मिल चुकी थी। दूसरी किस्त नहीं आई थी। इसी बीच 8 मार्च 2026 को गांव के गोपालदास वैष्णव ने उन्हें अपने घर बुलाया और पीएम आवास का पैसा निकलवाने के नाम पर आधार कार्ड लेकर अंगूठा लगवाया तथा फेस स्कैन किया।

आरोप है कि इस प्रक्रिया के दौरान आरोपी ने बिना जानकारी दिए पीड़िता के नाम से एयरटेल पेमेंट बैंक खाता खोलकर उसमें अपना मोबाइल नंबर लिंक कर दिया और डीबीटी के माध्यम से पूरी राशि करीब 55,000 रुपये निकाल ली। बाद में जब पीड़िता ने अन्य ऑनलाइन सेंटर से जानकारी ली, तब इस ठगी का खुलासा हुआ।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि गोपालदास वैष्णव निवासी नंदेली द्वारा यह रकम आहरित की गई है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

मामले में यह भी सामने आया है कि शिकायत के बाद आरोपी पक्ष द्वारा पीड़िता पर केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। फिलहाल जैजैपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।