
सक्ती में 14 वर्षीय बालक की हत्या का 40 घंटे में खुलासा: पुरानी रंजिश में गला घोंटकर शव खेत में दफनाया; पैसों का लालच देकर घर से बुलाया था, आरोपी गिरफ्तार
सक्ती जिले मे पुलिस ने 14 वर्षीय बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का 40 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते बालक को पैसों का लालच देकर घर से बुलाया, गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। मामले में पुलिस ने शव का उत्खनन कर बरामद किया है तथा हत्या में प्रयुक्त रापा भी जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, परसदाखुर्द निवासी सौखी कुमार केंवट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 14 वर्षीय पुत्र कपिल कुमार केंवट 8 जुलाई 2026 को गांव के हेमंत कुमार केंवट के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। संदेह के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेही हेमंत कुमार केंवट (22) निवासी परसदा खुर्द को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उसने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब छह-सात महीने पहले उसका हरदा गांव के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उसे शक था कि कपिल ने ही इस घटना की जानकारी दूसरों को दी थी, जिससे वह उससे नाराज था और बदला लेना चाहता था। इसी रंजिश के चलते 8 जुलाई की रात उसने कपिल को चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाने का झांसा देकर अपने साथ बोर घर ले गया। वहां उसने उसका गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से मृतक के कपड़े अलग स्थान पर फेंक दिए और रापा से खेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का विधिवत उत्खनन कराया गया। बरामद शव की पहचान कपिल कुमार केंवट के रूप में हुई।
एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रापा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। संकलित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हेमंत कुमार केंवट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।