Mungeli

मुंगेली में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: टाइगर रिजर्व के रेंजर-डिप्टी रेंजर 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले मे एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर की टीम ने गुरुवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज में पदस्थ रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों अधिकारी एक मामले में चालान जल्द पेश करने और जप्त वाहन छोड़ने के एवज में रिश्वत मांग रहे थे।

एसीबी के डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने शिकायत की थी कि दिसंबर 2025 में सुरही रेंज में एयर गन के साथ बनाई गई एक रील वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए उसका वाहन जप्त कर लिया था और वह व उसके साथी करीब 18 दिन जेल में रहे थे। जेल से छूटने के बाद जब वह प्रकरण में जल्द चालान पेश कराने के लिए डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव से मिला, तो उसने 4-5 लाख रुपए खर्च बताकर 70 हजार रुपए रिश्वत की मांग की।

शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत 26 मार्च को प्रार्थी को कोटा स्थित मित्र मिलन रेस्टोरेंट भेजा गया, जहां उसने पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव को दिए। इसी दौरान एसीबी टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रेंजर पल्लव नायक भी मौके पर मौजूद थे और उनके द्वारा भी रिश्वत मांगना पाया गया।

एसीबी ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव के पास से 50 हजार रुपए बरामद किए हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत और रेंजर पल्लव नायक के खिलाफ धारा 7 व 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी है और पिछले दो वर्षों में यह 45वीं ट्रैप कार्रवाई है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी लोकसेवक द्वारा रिश्वत मांगे जाने पर तत्काल एसीबी को सूचित करें। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Related Articles

Back to top button