Advertisment
Sakti

सक्ती में सड़क हादसे में युवक की मौत: तेज रफ्तार की वजह से अनियंत्रित हुई बाइक, मौके पर ही मौत, पुलिस जांच जारी

सक्ती जिले मे गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार और मोड़दार सड़क को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत झरप मोड़ के पास की है।

जानकारी के अनुसार, छपोरा निवासी धनंजय सिदार अपने घर से ससुराल जा रहा था। इसी दौरान झरप मोड़ के पास पहुंचते ही उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क किनारे गिर गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि जहां यह हादसा हुआ, वह क्षेत्र काफी घुमावदार है और तेज गति में वाहन चलाने पर यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने युवक को खेत के पास गंभीर हालत में पड़ा देखा, जिसके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें थीं और काफी खून बह चुका था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही हसौद थाना प्रभारी राजेश पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button