Advertisment
Mungeli

मुंगेली में महिला सब इंजीनियर ने लगाया प्रताड़ना और गलत संलग्निकरण का आरोप: फेसबुक पोस्ट के जरिए उठाए सवाल, RTI के बाद भी नहीं मिली जानकारी

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में आरईएस (ग्रामीण यांत्रिकी सेवा) विभाग की एक महिला सब इंजीनियर ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों पर प्रताड़ना और नियम विरुद्ध संलग्निकरण (अटैचमेंट) का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार, आरईएस विभाग मुंगेली में पदस्थ महिला सब इंजीनियर सोनल जैन ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सोनल जैन ने अपने फेसबुक अकाउंट पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया है कि उनका जनपद पंचायत मुंगेली से आरईएस डिवीजन ऑफिस मुंगेली में बिना ठोस आधार के संलग्निकरण कर दिया गया।

क्या है पूरा मामला?

महिला सब इंजीनियर के मुताबिक, जिला पंचायत के आदेश के माध्यम से उनका स्थानांतरण/संलग्निकरण किया गया। जब उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों से चर्चा की, तो उन्हें मौखिक रूप से बताया गया कि यह कार्रवाई “राजनीतिक दबाव” के कारण की गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस निर्णय का विरोध करने पर उन्हें विभिन्न माध्यमों से मैसेज और अन्य तरीकों से प्रताड़ित किया जा रहा है।

RTI के बाद भी नहीं मिली जानकारी

सोनल जैन ने दावा किया है कि उन्होंने संलग्निकरण आदेश की वैधता और आधार संबंधी जानकारी सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मांगी, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शासन के संलग्निकरण आदेश की प्रति भी साझा की है और इसे असंवैधानिक बताया है।

जिला पंचायत सीईओ

न्यायालय जाने की तैयारी

महिला सब इंजीनियर ने संकेत दिए हैं कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे न्यायालय का रुख अपनाएंगी। पूरे मामले को लेकर उन्होंने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब राज्य में महिला सशक्तिकरण और महिला सम्मान को लेकर लगातार पहल की बात की जाती रही है। अब निगाहें इस पर टिकी हैं कि शासन-प्रशासन इस प्रकरण में क्या कदम उठाता है और आरोपों की जांच किस स्तर पर की जाती है।

फिलहाल संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Articles

Back to top button