Sakti

सक्ती मे सहकारी सप्ताह का समापन: उत्कृष्ट समितियों व कर्मचारियों का हुआ सम्मान, ‘सहकार से समृद्धि’ पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

सक्ती जिले में सहकारिता आंदोलन को नई गति देने के उद्देश्य से आयोजित एक सप्ताहीय सहकारी सप्ताह का सोमवार को सफल समापन हुआ। समापन अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ‘सहकार से समृद्धि’ विषय पर प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहकारी समितियों तथा विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में सहकारिता विभाग द्वारा 29 जून से 6 जुलाई तक जिलेभर में विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य सहकारी संस्थाओं को अधिक सशक्त, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सक्षम बनाते हुए किसानों, मत्स्य पालकों, डेयरी उत्पादकों, बुनकरों तथा ग्रामीण समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना रहा।

समापन समारोह में आयोजित कार्यशाला के दौरान प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS), मत्स्य, डेयरी एवं बुनकर सहकारी समितियों के पदाधिकारियों, संस्था प्रबंधकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, शाखा प्रबंधकों, पर्यवेक्षकों तथा विभागीय अधिकारियों को सहकारी संस्थाओं के प्रभावी संचालन, डिजिटलीकरण, सुशासन, पारदर्शिता और शासन की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही संस्थाओं में नवाचार को बढ़ावा देने और सदस्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर कलेक्टर ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्राथमिक कृषि साख, मत्स्य, डेयरी एवं बुनकर सहकारी समितियों को ‘सहकार प्रेरणा पुरस्कार’ प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और इन्हें नवाचार, पारदर्शिता तथा बेहतर कार्य संस्कृति अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले प्रभारी संस्था प्रबंधकों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, शाखा प्रबंधकों एवं पर्यवेक्षकों को भी प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। उक्त कर्मचारियों को डिजिटल सेवाओं के विस्तार, सदस्य हितों की सुरक्षा तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान मिला।

सहकारिता विभाग ने बताया कि भविष्य में भी सहकारी संस्थाओं को आत्मनिर्भर एवं सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और प्रोत्साहन कार्यक्रमों का आयोजन लगातार जारी रहेगा। समारोह में सहकारिता विभाग के अधिकारी, समिति पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button