
पाकिस्तान से हेरोइन लाकर रायपुर में खपाने वाला गिरोह पकड़ाया: 1200 में खरीद, 8000 में बेचते थे ड्रग्स; 4 तस्कर पंजाब से गिरफ्तार, ट्रक-ड्राइवर और कुरियर नेटवर्क से देशभर में सप्लाई
पाकिस्तान सीमा से हेरोइन लाकर छत्तीसगढ़ समेत देशभर में सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का बड़ा खुलासा हुआ है। रायपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब से 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो हेरोइन को सस्ते दाम पर खरीदकर कई गुना कीमत पर बेचते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पाकिस्तान से सटे सीमावर्ती इलाकों से 1200-1300 रुपये प्रति ग्राम की दर से हेरोइन खरीदते थे। इसके बाद इसे पंजाब लाकर ट्रक ड्राइवरों की मदद से रायपुर और अन्य राज्यों में पहुंचाया जाता था। रायपुर में यही हेरोइन 6000 से 8000 रुपये प्रति ग्राम में बेची जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों में कवलजीत सिंह पन्नू, तरसेम सिंह, विक्की सिंह और जनक राज शामिल हैं। इनमें पन्नू को इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जो सीधे बॉर्डर से जुड़े स्रोतों से ड्रग्स खरीदता था। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से 12 ग्राम हेरोइन (कीमत करीब 2 लाख रुपये), एक बरेटा पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि यह सिंडिकेट संगठित तरीके से काम करता था। हेरोइन पहले पंजाब पहुंचाई जाती, फिर ट्रक ड्राइवरों के जरिए रायपुर लाई जाती थी। यहां से कुरियर पार्सल के माध्यम से ग्राहकों के घर तक ड्रग्स पहुंचाई जाती थी। आरोपी पार्सल भेजने के बाद उसका वीडियो बनाकर ग्राहकों को भेजते थे, ताकि भरोसा बना रहे।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा चरणबद्ध जांच में हुआ। पहले रायपुर में स्थानीय सप्लायर्स को पकड़ा गया, फिर कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए पंजाब कनेक्शन सामने आया। इसके बाद ट्रांसपोर्ट और कुरियर नेटवर्क को ट्रेस करते हुए मुख्य सप्लायर्स तक पहुंच बनाई गई।
गौरतलब है कि इससे पहले भी रायपुर पुलिस ने करीब 3 महीने पहले 9 ड्रग्स सप्लायर्स को गिरफ्तार कर 80 लाख रुपये की 400 ग्राम हेरोइन जब्त की थी। तब भी पंजाब से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ था, जिसने करीब 1600 किलोमीटर लंबी सप्लाई चेन बना रखी थी।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
