Sakti

सक्ती में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो निजी प्रतिष्ठानों पर गिरी गाज, बिना नवीनीकरण के चल रहा था खाद का कारोबार, 339 बोरी उर्वरक जब्त

सक्ती जिले मे खरीफ सीजन से पहले किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद उपलब्ध कराने और उर्वरकों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के नंदौरकला स्थित दो निजी उर्वरक प्रतिष्ठानों में निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर कुल 339 बोरी उर्वरक जब्त किए गए हैं।

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन और उप संचालक कृषि तरुण कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम ने निजी उर्वरक व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान ग्राम नंदौरकला स्थित मेसर्स कमल खाद भंडार और मेसर्स अजय कृषि केन्द्र में प्राधिकार प्रमाण पत्र की अवधि समाप्त होने के बावजूद उर्वरकों का व्यापार किए जाने का मामला सामने आया।

निरीक्षण में मेसर्स कमल खाद भंडार के गोदाम से 20:20:0:13 उर्वरक की 120 बोरी, पोटाश की 10 बोरी, यूरिया की 3 बोरी तथा जिंकेटेड एसएसपी की 3 बोरी सहित कुल 136 बोरी खाद बरामद की गई। वहीं मेसर्स अजय कृषि केन्द्र के गोदाम से एसएसपी पाउडर की 50 बोरी, एसएसपी दानेदार की 39 बोरी, 20:20:0:13 की 40 बोरी, पोटाश की 4 बोरी तथा यूरिया की 70 बोरी सहित कुल 203 बोरी उर्वरक जब्त किया गया।

कृषि विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों में उपलब्ध खाद को जब्त कर संबंधित संचालकों की सुपुर्दगी में रखा है। जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि दोनों फर्मों में स्टॉक पंजी का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा किसानों को जारी किए जा रहे बिलों में आवश्यक हस्ताक्षर भी नहीं कराए जा रहे थे, जिसे विभाग ने गंभीर अनियमितता माना है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए जिले भर में लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button