Raigarh

तमनार में 34 हाथियों का आतंक और आस्था साथ-साथ: फसल नुकसान से परेशान ग्रामीणों ने मंदिर में की प्रार्थना, वन विभाग अलर्ट

रायगढ़ जिले के तमनार रेंज में 34 हाथियों का विशाल झुंड लगातार घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रात होते ही हाथी गांवों के आसपास पहुंचकर किसानों की फसल और मकानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसी भय और संभावित नुकसान से बचने की उम्मीद में ग्रामीणों ने समारूमा जंगल स्थित देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों ने प्रार्थना की कि न तो किसी की जान को खतरा हो, न फसल नष्ट हो और हाथी भी सुरक्षित रहें।

बीते कई दिनों से हाथियों का यह समूह समारूमा बीट में सक्रिय है। दोपहर के बाद ये झुंड जंगल के किनारों तक पहुंचता है और सड़क पर काफी देर तक घूमता रहता है। हाथियों की गतिविधि बढ़ने पर वन विभाग और ग्रामीण सड़क पर आवाजाही रोक देते हैं, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

मंगलवार को ग्रामीण समारूमा जंगल के पास देवी मंदिर पहुंचे। उन्होंने अगरबत्ती, नारियल और प्रसाद चढ़ाकर हाथियों और गांववालों की सुरक्षा की कामना की। पूजा के बाद ग्रामीणों ने प्रसाद बांटा और आपसी सहयोग की अपील की।

मंगलवार देर रात 34 हाथियों का झुंड समारूमा बीट के छेडोरिया गांव पहुंचा। यहां हाथियों ने छह किसानों की धान की फसल, कुछ मकान और ट्यूबवेल को नुकसान पहुंचाया। सुबह होने से पहले पूरा झुंड जंगल की ओर लौट गया। इस समूह में 8 नर, 18 मादा और 8 बेबी एलीफेंट शामिल हैं।

तमनार रेंजर विक्रांत कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने हाथियों से संभावित नुकसान से बचने के लिए पूजा की थी। उन्होंने बताया कि हाथियों का झुंड वर्तमान में समारूमा बीट में मौजूद है। प्रभावित गांवों में लगातार मुनादी कराई जा रही है और ग्रामीणों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Back to top button