
रायपुर के रजवाड़ा रिसॉर्ट में बड़ा हादसा: डिनर के दौरान ग्राहकों पर गिरी फॉल सीलिंग, चार से अधिक लोग घायल
राजधानी रायपुर के VIP रोड स्थित रजवाड़ा रिसॉर्ट में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। रिसॉर्ट के रेस्टोरेंट में डिनर कर रहे ग्राहकों पर अचानक भारी-भरकम फॉल सीलिंग गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में चार से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय रेस्टोरेंट हॉल में करीब 25 से ज्यादा लोग मौजूद थे। अचानक छत का बड़ा हिस्सा गिरने से कई लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद रेस्टोरेंट में चीख-पुकार मच गई और मौजूद लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला।

अस्पताल में भर्ती, कुछ घायल ICU में
घटना की सूचना मिलते ही घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ घायलों की चोटें गंभीर हैं, जिन्हें आईसीयू में रखा गया है। सभी का इलाज जारी है।
निर्माणाधीन हॉल में चल रहा था रेस्टोरेंट
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस हॉल में रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, वह निर्माणाधीन था। बताया जा रहा है कि भारी सजावटी डिजाइन, फॉल सीलिंग और लाइटिंग के कारण वजन अधिक था, जिससे संतुलन बिगड़ने पर सीलिंग अचानक गिर गई।
जांच में जुटा प्रशासन
हादसे के बाद माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने रजवाड़ा रिसॉर्ट के निर्माण दस्तावेजों, अनुमति और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जांच की जा रही है।
अब तक दर्ज नहीं हुई शिकायत
घटना के बावजूद अब तक किसी भी पीड़ित द्वारा औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वहीं हादसे के बाद से रजवाड़ा रिसॉर्ट प्रबंधन मीडिया से दूरी बनाए हुए है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

