
रायपुर जीपीओ में BSNL सेवाओं की शुरुआत: अब डाकघर में मिलेंगे सिम कार्ड और रिचार्ज की सुविधा, डिजिटल इंडिया को बढ़ावा, नागरिकों को मिलेगा सीधा लाभ
राजधानी रायपुर मे भारत सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रायपुर के मुख्य डाकघर (जीपीओ) में भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की सेवाओं का शुभारंभ किया गया। अब नागरिकों को डाक सेवाओं के साथ-साथ BSNL के सिम कार्ड और रिचार्ज की सुविधाएं भी एक ही स्थान पर मिलेंगी।
इस नई व्यवस्था के तहत रायपुर जीपीओ में BSNL के नए प्रीपेड सिम कार्ड उपलब्ध होंगे, साथ ही मोबाइल सिम रिचार्ज की सुविधा भी दी जाएगी। इससे आम लोगों को संचार सेवाओं तक आसान और सुलभ पहुंच मिलेगी।

कार्यक्रम का शुभारंभ डाक सेवाएं छत्तीसगढ़ परिमंडल के निदेशक दिनेश कुमार मिस्त्री द्वारा किया गया। इस अवसर पर BSNL रायपुर के डीजीएम वाई.पी. सिंह, एजीएम मिलिंद उपासनी, प्रवर अधीक्षक डाकघर एच.के. महावर सहित डाक विभाग एवं BSNL के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि यह पहल डाक विभाग और BSNL के संयुक्त प्रयास का परिणाम है, जिसका उद्देश्य देश के हर नागरिक तक बेहतर और एकीकृत संचार सेवाएं पहुंचाना है। इससे जनसुविधा बढ़ेगी और डिजिटल सशक्तिकरण को नई गति मिलेगी।
