
कोरबा मे सरेआम नाबालिग पर चाकू से हमला: गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, गले पर गहरे घाव, तीन संदिग्ध हिरासत में, पुलिस जांच तेज
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुनवानी भैंसमा में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की पर पांच युवकों द्वारा चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। गंभीर रूप से घायल बालिका का उपचार जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता किसी कार्य से जा रही थी, तभी रास्ते में कुछ युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालिका को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसमा पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़िता के गले पर गंभीर चोट है, जिसके कारण वह बोल नहीं पा रही है। उसने लिखकर कुछ जानकारी दी है, जिसके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस ने पीड़िता के बताए अनुसार कुछ युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

