Advertisment
Dhamtari

धमतरी के गोल बाजार में कपड़ा दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग: व्यापारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, जर्जर तारों पर उठे सवाल, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

धमतरी शहर के व्यस्त गोल बाजार स्थित हरिओम वस्त्रालय में सोमवार को अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लगने की घटना सामने आई। समय रहते आसपास के व्यापारियों की सतर्कता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले बिजली पोल से चिंगारी निकली, जिसके बाद दुकान में लगे मीटर से तेज स्पार्किंग शुरू हो गई। देखते ही देखते मीटर में आग लग गई और नीचे रखा वेस्ट सामान जलने लगा। इसी दौरान बिजली के तार भी टूटकर गिर गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद व्यापारियों ने रेत डालकर किसी तरह आग बुझाई और तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही टीम पहुंची और बिजली सप्लाई बंद कर दी गई।

दुकान संचालक भारत आहूजा ने बताया कि खंभे के जर्जर तारों के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि यदि यह घटना रात में होती, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। वहीं चैंबर ऑफ कॉमर्स के राजा रोहरा ने बताया कि हाई टेंशन तार टूटकर गिरा और स्पार्किंग के चलते आग लगी। उन्होंने गर्मी के मौसम में बढ़ते लोड को भी संभावित कारण बताया।

व्यापारियों ने बिजली विभाग पर मेंटेनेंस में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जर्जर तारों को जल्द बदलने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Back to top button