Dhamtari

NH पर चलती मेटाडोर में लगी भीषण आग: सोलर पैनल समेत वाहन जलकर खाक, बाप-बेटे ने कूदकर बचाई जान, हादसे में 55 लाख से अधिक नुकसान

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। कुरूद के राखी मोड़ के पास सोलर पैनल से भरी चलती मेटाडोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते देख चालक और उसका हेल्पर पुत्र वाहन से कूद गए, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि कुछ ही देर में पूरा वाहन और उसमें लदा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक हादसे में 55 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मेटाडोर क्रमांक MP 07 GA 9795 गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) से 111 सोलर पैनल प्लेट लेकर ओडिशा के मलकानगिरी जा रही थी। शनिवार रात करीब ढाई बजे वाहन रायपुर-धमतरी राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान कुरूद से पहले राखी मोड़ के पास अचानक वाहन में आग लग गई।

वाहन में आग लगते ही चालक जनक सिंह निवासी भिंड और उसका हेल्पर पुत्र तुरंत नीचे कूद गए। दोनों ने वाहन में मौजूद फायर सेफ्टी उपकरण से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी मेटाडोर को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वाहन और उसमें लदे सभी सोलर पैनल पूरी तरह जल चुके थे।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। कुरूद थाना पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Back to top button