
जमीन विवाद में बड़े भाई-भाभी ने ली छोटे भाई की जान: ईंट से हमला कर किया गंभीर घायल, इलाज के दौरान हुई मौत, आरोपी दंपति गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीन विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। चेन्द्रा चौकी क्षेत्र के चन्द्रमेढा गांव में बड़े भाई ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर छोटे भाई पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी भाई और भाभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना चेन्द्रा चौकी क्षेत्र के चन्द्रमेढा गांव की है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर धर्मदेव उर्फ धर्मजीत टोप्पो और उसकी पत्नी सुषमा का छोटे भाई महेंद्र टोप्पो से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने महेंद्र टोप्पो पर ईंट से हमला कर दिया।

हमले में महेंद्र के सिर, चेहरे और पीठ में गंभीर चोटें आईं। परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए पहले सूरजपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने अंबिकापुर रेफर कर दिया। इलाज के बावजूद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और बाद में घर लाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी धर्मदेव उर्फ धर्मजीत टोप्पो और उसकी पत्नी सुषमा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

इस घटना ने एक बार फिर जमीन विवाद को लेकर बढ़ती हिंसा और पारिवारिक रिश्तों में आ रही दरार को उजागर कर दिया है। गांव में घटना के बाद शोक और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।