Advertisment
Bijapur

रक्षित केंद्र के आरक्षक ने सर्विस राइफल से की आत्महत्या: पुलिस विभाग में शोक का माहौल, पारिवारिक कारणों की आशंका, कोतवाली पुलिस जांच में जुटी

बीजापुर जिले के रक्षित केंद्र में पदस्थ एक आरक्षक द्वारा सर्विस राइफल से आत्महत्या किए जाने की घटना से सोमवार रात जिला मुख्यालय में सनसनी फैल गई। घटना थाना बीजापुर के समीप हुई, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

जानकारी के अनुसार, रक्षित केंद्र में पदस्थ आरक्षक दिलीप तेलम ने सोमवार रात करीब 9 बजे अपनी इश्यूशुदा सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां आरक्षक गंभीर हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में मौके पर ही उसकी मौत होना बताया गया।

घटना के बाद पुलिस टीम ने मौके को घेरकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कारणों से जुड़ा माना जा रहा है।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

इस दुखद घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। साथी जवानों और अधिकारियों ने आरक्षक दिलीप तेलम के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।

Back to top button