Raipur

मां पर मासूम बेटे को सिगरेट से दागने का आरोप: मारपीट में 3 साल के बच्चे का हाथ फ्रैक्चर; मां गिरफ्तार, सौतेला पिता फरार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तरुण नगर में तीन बच्चों के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्चों की सगी मां अन्नू देवी पासवान और उसके पति राजा दीप उनके साथ मारपीट करते थे और उन्हें खाना भी नहीं देते थे। तीन साल के बच्चे रोहित के साथ मारपीट में उसका हाथ फ्रैक्चर होने और चेहरे व आंख में गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है। मां पर बच्चे को सिगरेट से दागने का भी आरोप है। पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सौतेला पिता फरार है।

बेटी के घर से बाहर आने पर सामने आया मामला

जानकारी के अनुसार, अन्नू देवी पासवान अपने पति राजा दीप के साथ तरुण नगर में किराए के मकान में रहती है। उसके पहले पति से तीन बच्चे हैं, जिनमें समीर (8), लक्ष्मी (6) और रोहित (3) शामिल हैं। बताया गया कि 13 अक्टूबर की सुबह करीब 8:30 बजे बेटी लक्ष्मी रोते हुए घर से बाहर आई। उसने मोहल्ले के लोगों को बताया कि राजा दीप ने उसके छोटे भाई रोहित के साथ बुरी तरह मारपीट की है।

इसके बाद रोहित के हाथ में फ्रैक्चर होने और चेहरे व आंख में गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई। बच्चे को सिगरेट से दागने का आरोप भी उसकी मां पर लगाया गया है। घायल रोहित का अस्पताल में इलाज जारी है।

पड़ोसियों की शिकायत पर कार्रवाई

बताया गया है कि जब मोहल्ले के लोगों ने बच्चों के साथ मारपीट का विरोध किया, तो उन्हें धमकाया गया। इसके बाद पड़ोसियों ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अन्नू देवी पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, राजा दीप फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button