बेमेतरा के एएसपी हरीश यादव को अंग्रेजी साहित्य में पीएचडी की उपाधि: वर्ड्सवर्थ और सुमित्रानंदन पंत पर 10 वर्षों के शोध को मिली मान्यता, हिंदी-अंग्रेजी साहित्य के तुलनात्मक अध्ययन को मिलेगी नई दिशा
बेमेतरा जिले में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) हरीश यादव को अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा अंग्रेजी साहित्य विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की गई है। उन्हें यह उपाधि उनके शोध प्रबंध “The Comparative Study of Wordsworth and Sumitranandan Pant in the Light of Romanticism and Chhayavad” के लिए दी गई।
उनका शोध अंग्रेजी साहित्य के प्रसिद्ध रोमांटिक कवि विलियम वर्ड्सवर्थ और हिंदी साहित्य के प्रमुख छायावादी कवि सुमित्रानंदन पंत के काव्य का तुलनात्मक अध्ययन है। रोमांटिसिज्म और छायावाद की साहित्यिक अवधारणाओं के आधार पर किए गए इस शोध को हिंदी एवं अंग्रेजी साहित्य के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और अध्येताओं के लिए महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री माना जा रहा है।
करीब दस वर्षों के निरंतर अध्ययन, अनुसंधान और परिश्रम के बाद यह शोध कार्य पूर्ण हुआ। इस दौरान हरीश यादव ने विभिन्न शोध निदेशकों के मार्गदर्शन में दोनों साहित्यिक धाराओं का गहन अध्ययन किया।
पीएचडी की उपाधि प्राप्त होने पर हरीश यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ललित पटेरिया, पूर्व कुलपति डॉ. ए.डी.एन. बाजपेयी, कुलसचिव तारनिष गौतम, कुलसचिव तरुण धर दिवान, शोध निर्देशक डॉ. ए.के. सिंह, पूर्व शोध निर्देशक डॉ. यू.एन. कुर्रे, डॉ. सुनीता तिवारी, डॉ. बिंदा शर्मा सहित विश्वविद्यालय परिवार, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि गुरुजनों, परिवारजनों और शुभचिंतकों के सहयोग एवं मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही उम्मीद जताई कि उनका शोध हिंदी और अंग्रेजी साहित्य के तुलनात्मक अध्ययन को नई दिशा देगा तथा भावी शोधार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगा।


