Advertisment
Bilaspur

बिलासपुर में नकली एवरेस्ट मसाले पर बड़ी कार्रवाई: राजस्व टीम की रेड में लाखों का संदिग्ध स्टॉक जब्त, संस्थान सील, खाद्य सुरक्षा विभाग की भूमिका पर उठे सवाल, जांच जारी

बिलासपुर शहर में नकली मसालों के कारोबार पर राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापार विहार स्थित एक संस्थान से लाखों रुपए का संदिग्ध “एवरेस्ट” ब्रांड मसाला जब्त किया है। टीम ने मौके पर दबिश देकर बालाजी मूवर्स एंड पैकर्स को सील कर दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग की टीम ने रात में व्यापार विहार स्थित बालाजी मूवर्स एंड पैकर्स में छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में कथित नकली मसाला रखा हुआ मिला। आशंका है कि इस मसाले को शहर की दुकानों में खपाने की तैयारी थी। समय रहते कार्रवाई होने से बड़े स्तर पर उपभोक्ताओं तक पहुंचने से पहले ही इस खेप को पकड़ लिया गया।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम भी मौके पर मौजूद रही। वहीं, एवरेस्ट कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्पष्ट किया कि जब्त मसाला उनके ब्रांड का असली उत्पाद नहीं है। इसके बाद मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

राजस्व विभाग ने पूरे परिसर को सील कर पंचनामा तैयार किया है और जब्त सामग्री की जांच की जा रही है। बिलासपुर के एसडीएम और अतिरिक्त तहसीलदार ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि नकली मसाले की बड़ी खेप पकड़ी गई है और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल खाद्य सुरक्षा विभाग की भूमिका को लेकर उठ रहा है। मिलावटखोरी पर निगरानी रखने की जिम्मेदारी होने के बावजूद विभाग को इस अवैध कारोबार की भनक क्यों नहीं लगी, यह जांच का विषय बन गया है। फिलहाल प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button