Bilaspur

Bilaspur के मैग्नेटो मॉल में हॉलीडे पैकेज के नाम पर ठगी: 15 से 20 लोगों से लाखों रुपए ऐंठकर फरार हुआ गिरोह, संचालक समेत 16 आरोपियों पर FIR दर्ज, पुलिस जांच जारी

बिलासपुर के मैग्नेटो मॉल में हॉलीडे पैकेज और गिफ्ट का लालच देकर लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। क्लन्नियॉट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी पर 15 से 20 लोगों से करीब 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक की धोखाधड़ी करने का आरोप है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने कंपनी के संचालक सहित 16 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद सभी आरोपी ऑफिस बंद कर फरार बताए जा रहे हैं।

पीड़ित अमित गुप्ता ने बताया कि उन्हें 20 फरवरी को एक कॉल आया, जिसमें कहा गया कि उनका नाम लकी कूपन में निकला है और उन्हें गिफ्ट लेने मैग्नेटो मॉल की चौथी मंजिल स्थित ऑफिस नंबर 415 में बुलाया गया। वहां पहुंचने पर कर्मचारियों ने आकर्षक हॉलीडे पैकेज का झांसा देकर उनसे रकम जमा करवाई। अमित ने 27 फरवरी को 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए, जबकि बाद में टिकट बुकिंग और अन्य सुविधाओं के नाम पर उनसे 50 हजार रुपए और लिए गए।

कंपनी की ओर से वादा किया गया था कि टिकट और पैकेज की जानकारी ईमेल के जरिए भेज दी जाएगी, लेकिन भुगतान के बाद आरोपियों के फोन बंद हो गए। शक होने पर जब अमित 24 अप्रैल को ऑफिस पहुंचे, तो वहां ताला लगा मिला। मौके पर पहले से कई अन्य लोग भी मौजूद थे, जो इसी तरह की ठगी का शिकार हुए थे।

छत्तीसगढ़ के तीन बड़े शहरों मे फैला था जाल

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इस गिरोह ने केवल बिलासपुर ही नहीं, बल्कि रायपुर के मैग्नेटो मॉल और भिलाई के सूर्या मॉल में भी अपने ऑफिस खोल रखे थे। आरोपी खासतौर पर नौकरीपेशा और रसूखदार लोगों को निशाना बनाकर क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के माध्यम से रकम वसूल रहे थे।

बिना पड़ताल किए पैसे निवेश ना करे – एएसपी

एएसपी सिटी पंकज पटेल ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि किसी अनजान नंबर से लकी कूपन, मुफ्त गिफ्ट या आकर्षक पैकेज का लालच मिलने पर सतर्क रहें। बिना पूरी जांच-पड़ताल किए किसी भी योजना में पैसा निवेश न करें। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सावधानी ही इस तरह की ठगी से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है।

Related Articles

Back to top button