Raipur

रायपुर ग्रामीण में SIR सर्वे पर सवाल: मतदाता सूची में पता-मकान नंबर की बड़ी गड़बड़ी उजागर, प्रशासन ने गठित की 3 सदस्यीय जांच समिति

रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR 2025) के दौरान गड़बड़ियों का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच समिति का गठन कर दिया है। यह प्रकरण धरसीवां तहसील अंतर्गत बीरगांव के गाजी नगर क्षेत्र से जुड़ा है, जहां मतदाता सूची में अनियमितताओं की बात सामने आई थी।

प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सह निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-48 रायपुर ग्रामीण के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच दल बनाया है। अधिकारियों का कहना है कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है, इसलिए इसकी गहन पड़ताल जरूरी है।

फील्ड जांच में क्या निकला सामने

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, जांच टीम ने भाग संख्या 63 और 64 की मतदाता सूचियों का स्थल पर जाकर सत्यापन किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि अधिकांश मतदाता उसी क्षेत्र में निवासरत हैं, लेकिन कई मामलों में मकान नंबर और पते से संबंधित विवरण गलत दर्ज पाए गए। अधिकारियों के मुताबिक, ऐसी त्रुटियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता, क्योंकि इससे भविष्य में मतदाता अधिकारों पर असर पड़ सकता है। फिलहाल सुधार के लिए संबंधित मतदाताओं से फॉर्म-8 भरवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जांच समिति में शामिल सदस्य

जांच दल में रायपुर तहसीलदार राममूर्ति दीवान, नगर निगम बीरगांव के राजस्व उप निरीक्षक शैलेन्द्र निर्मलकर तथा ग्राम बीरगांव के महेश कुमार सोनवानी को शामिल किया गया है। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि वह मौके पर पहुंचकर सभी तथ्यों की विस्तार से जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

मतदाता सूची में सामने आई इन अनियमितताओं के बाद प्रशासन की सतर्कता पर भी सवाल उठे हैं। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विशेष पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त हर शिकायत की जांच की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button