
Andhra Pradesh Train Accident: टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस के 2 एसी कोच में भीषण आग; एक यात्री की मौत, चेन खींचकर यात्रियों ने रोकी ट्रेन
आंध्र प्रदेश में रविवार देर रात एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया। टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के दो एसी कोचों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक बुजुर्ग यात्री की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों यात्रियों ने जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना विशाखापट्टनम से करीब 66 किलोमीटर दूर येलमंचिली रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 12:45 बजे ट्रेन के B1 एसी कोच में सबसे पहले आग लगी, जो देखते ही देखते M2 कोच तक फैल गई। उस समय B1 कोच में 82 और M2 कोच में 76 यात्री सवार थे। आग की लपटें उठती देख यात्रियों ने इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई और बाहर निकलकर जान बचाई। हादसे के बाद B1 कोच से एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदरम के रूप में की गई है।

रेलवे प्रशासन ने जले हुए दोनों कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया है और यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से उनके गंतव्य की ओर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए दो फोरेंसिक टीमों को मौके पर बुलाया गया है, जो आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं।

प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि एसी कोच में शॉर्ट सर्किट, वायरिंग फॉल्ट, इलेक्ट्रिक पैनल के अधिक गर्म होने या मोबाइल चार्जिंग के दौरान ओवरलोडिंग से आग लगी हो सकती है। इसके अलावा कोच के अंदर ज्वलनशील वस्तुओं के इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


