
नवा रायपुर में मोदी-शाह के लिए तैयार हुए VVIP बंगले: 3 दिन तक आवास में ही बनेगा खाना; चखेंगे मेथी-सरसों साग, बथुआ और फूलगोभी का स्वाद
छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में होने वाली 60वीं अखिल भारतीय डीजी–आईजी कॉन्फ्रेंस के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। दोनों 28 नवंबर को नवा रायपुर पहुंचेंगे और तीन दिन तक यहीं ठहरेंगे।
प्रधानमंत्री को नए स्पीकर हाउस एम-1 में और केंद्रीय गृह मंत्री को वित्त मंत्री आवास एम-11 में ठहराया जाएगा। दोनों बंगले वीवीआईपी प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी तरह सुसज्जित कर दिए गए हैं।
तीन दिन तक भोजन बंगले में ही बनेगा
दोनों नेताओं के लिए भोजन की खास व्यवस्था की गई है। एक प्रतिष्ठित होटल के शेफ को नियुक्त किया गया है। मेनू में पालक साग, मेथी–सरसों साग, बथुआ भाजी, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी सब्जियाँ रखी गई हैं।
पीएम के लिए तैयार अस्थाई पीएम हाउस (एम-1)
एम-1 को मिनी पीएम हाउस की तरह तैयार किया गया है, जहाँ पीएमओ के अधिकारी भी ठहरेंगे।
इसमें शामिल सुविधाएं
- 5 बेडरूम
- 2 ड्रॉइंग रूम
- 1 लिविंग रूम
- 2 वेटिंग रूम
- 1 कॉन्फ्रेंस हॉल
- 1 मिनिस्ट्री चेंबर
- 6 ओएसडी रूम
- 4 ऑफिस
- पूरा बंगला हाई-स्पीड वाई-फाई से लैस
- हर कमरे में स्मार्ट टीवी
- कॉन्फ्रेंस हॉल में 6 टीवी
- गार्डन को केरल और बेंगलुरु से आए विशेष फूलों से सजाया गया
केंद्रीय गृह मंत्री के लिए तैयार एचएम हाउस (एम-11)
एम-11 को भी हाई-प्रोफाइल मानकों के अनुसार सजाया गया है।
यहां की सुविधाएं
- 3 बेडरूम
- 1 मिनिस्ट्री चेंबर
- 1 कॉन्फ्रेंस हॉल
- 1 हॉल
- 6 ऑफिसर रूम
- नए फर्नीचर और उन्नत सुरक्षा व्यवस्था
- वीआईपी मीटिंग के लिए अलग व्यवस्था
- गार्डन में गृह मंत्री की पसंद के पौधे लगाए गए
अन्य वीवीआईपी मेहमानों के लिए व्यवस्था
नवीन सर्किट हाउस में एनएसए अजीत डोभाल, डिप्टी एनएसए अनीश दयाल सिंह, आईबी चीफ तपन डेका, केंद्रीय गृह सचिव और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के लिए विशेष सूइट तैयार किए गए हैं।
कॉन्फ्रेंस स्थल पर मिनी पीएमओ भी बनाया गया है, जहाँ से सुरक्षा और आयोजन की निगरानी की जाएगी। नवा रायपुर में सुरक्षा और आतिथ्य की ये विशेष तैयारियाँ तीन दिवसीय डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस को सुचारू और सुरक्षित रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से की गई हैं।
