Advertisment
Balrampur

यूपी-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई: ट्रक से 12 क्विंटल गांजा जब्त, कीमत करीब 12 करोड़; ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे खेप, तीन तस्कर हिरासत में

बलरामपुर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बलरामपुर पुलिस ने धनवार बैरियर पर एक ट्रक से 12 क्विंटल गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश सीमा पर की गई, जहां नियमित जांच के दौरान ट्रक को रोका गया था। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसकी पुष्टि वैभव बैंकर ने की है।

जानकारी के अनुसार, बीती रात भूसे से लोड एक ट्रक धनवार बैरियर पहुंचा। पूछताछ में ट्रक में भूसा होने की बात कही गई, लेकिन पुलिस को संदेह हुआ। तलाशी के दौरान ट्रक में सवार तीन लोग भागने लगे, जिन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। ट्रक की गहन जांच करने पर भूसे के बोरों के बीच छिपाकर रखा गया 12 क्विंटल गांजा मिला, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तरप्रदेश जा रहे थे। गांजे को भूसे के बीच इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में पकड़ में न आए। पुलिस का मानना है कि यह किसी बड़े तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है। सरगुजा संभाग में अब तक की यह सबसे बड़ी गांजा बरामदगी बताई जा रही है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है और आज विस्तृत खुलासे की संभावना है।

Related Articles

Back to top button