
अंबिकापुर में सनसनीखेज लूट: पूर्व कर्मचारी ने व्यापारी पर किया जानलेवा हमला, 20 लाख लेकर फरार, CCTV में कैद आरोपी
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में रविवार रात एक बड़ी आपराधिक वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में मोबाइल फोन डीलर और हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी की फ्रेंचाइजी संचालक अनिल अग्रवाल से करीब 20 लाख रुपये की लूट की गई। आरोपी ने व्यापारी के सिर पर बांस के मोटे डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, अनिल अग्रवाल रविवार रात करीब 9 बजे दिनभर का कलेक्शन लेकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रानी सती मंदिर कॉलोनी की ओर मुड़े, घात लगाए बैठे आरोपी ने अचानक हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से व्यापारी स्कूटी से गिरकर बेहोश हो गए। इसी दौरान आरोपी ने खून से सने व्यापारी से कैश से भरा बैग छीना और मौके से भाग निकला।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद घायल व्यापारी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 20 लाख रुपये थे, हालांकि रकम की सटीक जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी अनिल अग्रवाल का पूर्व कर्मचारी है।

मामले को लेकर राहुल बंसल ने बताया कि देर रात पुलिस टीम ने संदिग्ध की तलाश की। भागते समय आरोपी की बाइक भातूपारा क्षेत्र के एक खेत में फंस गई, जिसके बाद वह बाइक और पैसों से भरा बैग छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से करीब 18 लाख रुपये नकद और बाइक बरामद कर ली है, जबकि आरोपी की तलाश लगातार जारी है।