Advertisment
Raigarh

रायगढ़ में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म: फेसबुक से हुई पहचान, होटल में बनाए संबंध, शादी से इंकार पर मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान के बाद शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 29 वर्षीय पीड़िता ने महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2021 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से रामभाठा निवासी 26 वर्षीय प्रतीक सिदार से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और मुलाकातें शुरू हो गईं।

आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर 4 मार्च 2024 से जनवरी 2026 के बीच कई बार युवती को होटल ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह लगातार शादी का आश्वासन देता रहा।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करता रहा और अंततः शादी से साफ इंकार कर दिया। इसके बाद युवती ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता का बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया, जहां पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button